नगर निगम रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास संगीत की धुन पर चलने वाले फव्वारे लगाएगा। दो म्यूजिकल और दो साधारण फव्वारे लगाने का काम तीन महीने के भीतर पूरा किया जाएगा। फव्वारों में हिंदी और अंग्रेजी गीतों की धुनें ही नहीं बल्कि पहाड़ी लोकगीत भी बजेंगे।
ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि देश-विदेश के सैलानियों को हिमाचल की संस्कृति से रूबरू करवाया जा सके। बुधवार को महापौर संजय चौहान की अध्यक्षता में म्यूजिकल फाउंटेन लगाने को लेकर बैठक भी हुई है।
सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर, निगम अभियंता विजय गुप्ता बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान फव्वारे लगाने वाली कंपनी के प्रतिनिधि ने लैपटॉप में म्यूजिकल फाउंटेन योजना की प्रस्तुति दी। महापौर संजय चौहान ने बताया है कि रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के अगल-बगल दो फव्वारे लगाए जा रहे हैं।