भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए पहले टी ट्वेंटी मैच के शानदार आयोजन के बाद धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के कम से कम 10 मैच करवाने की तैयारी चल रही है। बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा है कि मार्च 2016 में होने वाले टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के 10 मैच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में करवाए जाएंगे।
इसके लिए एचपीसीए प्रयास कर रही है। अनुराग ठाकुर ने यह बात एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया का भी कम से कम एक मैच धर्मशाला स्टेडियम में करवाया जाए। सम्मान समारोह में अनुराग ने खिलाड़ियों को क्रिकेट किट बांटीं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को फिजिकल चार्ट जरूर बनाने की सलाह दी।