हिमाचल में तैनात सेना के एक जवान की रिपोर्ट एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है। राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी की ओर से एक महीने पहले सेना के जवानों के लिए रक्त जांच शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें यह मामला सामने आया है।
अब सोसाइटी जवान की पत्नी और बच्चे का भी एचआईवी टेस्ट कराने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार सेना का यह जवान पूर्वोत्तर का रहने वाला है। कुछ समय से इसकी तैनाती शिमला में है।
एड्स और एचआईवी के प्रति सेना के जवानों में जागरूकता पैदा करने के लिए एक कार्यशाला और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक जवान की रिपोर्ट एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है।
इस जवान का तत्काल शिमला स्थित आईजीएमसी में इलाज शुरू कर दिया गया है। जवान को कुछ समय के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती भी रखा गया।
पत्नी और बच्चे का भी टेस्ट करवाने की तैयारी
जवान की पत्नी और बच्चा अपने गृह राज्य में रहते हैं। एड्स कंट्रोल सोसाइटी ने संबंधित राज्य को सूचित किया है कि जवान की पत्नी और बच्चे का भी एचआईवी टेस्ट कराया जाए, जिससे पूरी तसवीर साफ हो सके और तुरंत इलाज मिल सके।