लगातार तीसरे दिन भी सतलुज पेयजल योजना से ठप रही शहर के लिए पानी की आपूर्ति
विज्ञापन
गिरि और गुम्मा में भी गाद से बाधित हो रही पंपिंग
कंपनी ने लिया फैसला, अब एक दिन छोड़कर देंगे पानी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सतलुज परियोजना से पेयजल आपूर्ति ठप होने के बाद राजधानी में पानी की राशनिंग शुरू हो गई है। शहरवासियों को अब एक दिन छोड़कर तीसरे दिन पानी की आपूर्ति मिलेगी। इसके लिए कंपनी ने शेड्यूल भी तैयार कर लिया है। मंगलवार को भी आधे शहर में पानी नहीं आया।
पेयजल कंपनी के अनुसार सतलुज परियोजना तीन दिन से बंद है। दवाडा पंपिंग स्टेशन का ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। 26 जुलाई से यह बंद है। इसके चलते सतलुज परियोजना से शहर को मिलने वाला 15 से 20 एमएलडी पानी नहीं आ रहा। दूसरी ओर गिरि और गुम्मा परियोजनाओं में भारी बारिश के कारण गाद आने से पंपिंग बाधित है। इनसे भी कम पानी शहर को मिल रहा है। कंपनी के अनुसार मंगलवार को भी करीब 35 एमएलडी पानी ही शहर को मिला है। पूरे शहर में रोज पानी देने के लिए करीब 48 से 50 एमएलडी पानी चाहिए। परियोजनाओं से आपूर्ति घटने के बाद कंपनी ने शहर में फिलहाल एक दिन छोड़कर पानी देने के निर्देश जारी कर दिए हैं। कंपनी का कहना है कि यह अस्थाई शेड्यूल है। जैसे ही परियोजनाओं से आपूर्ति बढ़ जाएगी, शहर में नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। कंपनी के एजीएम दिनेश भारद्वाज ने कहा कि सतलुज परियोजना के दवाडा स्टेशन पर खराब हुए ट्रांसफार्मर को ठीक करने के लिए बिजली बोर्ड को कहा है। बाकी परियोजनाओं से आपूर्ति बढ़ाई जा रही है।
आज इन इलाकों में आएगा पानी संजौली जोन के लक्ष्मी नारायण मंदिर, संजौली बाजार, स्वास्थ्य केंद्र से सटा क्षेत्र, बॉथवेल, भट्ठाकुफर, नालदेहरा, बल्देयां, मशोबरा, बनरेड़ू, अपर समिट्री, छोटा शिमला और न्यू शिमला जोन के कनलोग, टॉलैंड, कसुम्पटी, एसडीए परिसर, कसुम्पटी बाजार, ऐरा होम, कंगनाधार, विकासनगर, सरघीण, शिवमंदिर, सेंट्रल एवं लक्कड़ बाजार जोन के मालरोड, क्लिंफंड इस्टेट, फिंगास्क, कृष्णानगर, लोअर बाजार, लक्कड़ बाजार, जाखू स्टोक्स पैलेस, कार्नर हाउस, भराड़ी, कैलस्टन, चौड़ा मैदान जोन के अनाडेल, चक्कर, टुटू, कैथू, समरहिल, रामनगर, कामनादेवी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की जाएगी।