जानकारी के अनुसार गगरेट विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में व्यक्ति की मौत के सोलहवें दिन सोमवार को रस्म क्रियाएं की गईं। दिन के समय लोग अपने घरों को चले गए। शोकाकुल परिवार के कुछ सदस्यों ने रात होने पर एक तांत्रिक के कहने पर मृतक की आत्मा से संपर्क करना चाहा। इसके लिए मांस और शराब परोसी गई। फिर चार लोग रात साढ़े नौ बजे आपत्तिजनक अवस्था में नृत्य करने लगे।
पड़ोस से लोगों ने जब हुड़दंग जैसी आवाजें सुनीं तो खिड़की से झांककर देखा गया कि कुछ लोग आपत्तिजनक हालत में नाच रहे हैं। मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस टीम ने मौके पर मृतक के बेटे, एक जसूर के रहने वाले, एक इंदौरा निवासी और एक प्रवासी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों का मेडिकल सरकारी अस्पताल में करवा कर छानबीन शुरू कर दी। डीएसपी अंब मनोज जंवाल ने बताया कि पुलिस ने धारा 107/51के तहत मामला दर्ज कर लिया है।