राम बाजार में सजी संडे मार्केट
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नगर निगम की पाबंदी के बावजूद लोअर और राम बाजार में रविवार को फिर संडे मार्केट सज गई। दोनों ही बाजारों की सड़कों पर तहबाजारियों ने सुबह 8:30 बजे से ही दुकानें सजानी शुरू कर दीं। कई जगह सड़क के दोनों ओर दुकानें सजा दीं। इससे पैदल चलने के लिए रास्ता तंग हो गया। कई कारोबारियों ने भी सड़क पर ही सामान रख दिया। उधर, नगर निगम के अधीक्षक लाल चंद की अगुवाई में टीम सुबह 10:30 बजे निरीक्षण पर निकली। टीम ने नाज चौक से लोअर बाजार की ओर जैसे ही कार्रवाई शुरू की तहबाजारी भागने लगे।
टीम ने कुछ तहबाजारियों का सामान भी जब्त कर लिया। टीम को देखते ही कारोबारियों ने भी सड़क पर रखा सामान पीछे सरकाना शुरू कर दिया। करीब 40 मिनट तक यह कार्रवाई चली। इसके बाद निगम टीम रामबाजार चली गई। यहां से भी कई तहबाजारी उठाए गए। उधर, दोपहर 12:00 बजे तक फिर से लोअर बाजार और रामबाजार में तहबाजारियों ने डेरा जमा दिया। शाम तक निगम की टीम ने बाजार का निरीक्षण तो कई बार किया, लेकिन सड़क से दुकानें नहीं हटीं। 33 तहबाजारियों का सामान जब्त किया गया है।
लोग बोले, उठाने की बजाए बैठने की जगह दे निगम
संडे मार्केट में दिन के समय खरीदारी के लिए भारी भीड़ भी देखने को मिली। निरीक्षण टीम की कार्रवाई के चलते बाजार से कुछ देर के लिए तहबाजारी गायब हो गए। खरीदारी कर रहे लोगों का कहना था कि सड़क पर दुकानें सजाने वालों पर निगम की कार्रवाई तो ठीक है, लेकिन निगम को संडे मार्केट के लिए कोई खाली जगह देनी चाहिए ताकि लोग सस्ता सामान खरीद सकें। यदि तहबाजारी कचरा फैला रहे हैं तो उनकी सफाई की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।
निगम ने तैनात की हैं स्पेशल टीमें
नगर निगम के अधीक्षक लाल चंद का कहना है कि रविवार को शहर के बाजार में काफी अतिक्रमण हो रहा है। इस बारे में शिमला व्यापार मंडल ने भी निगम प्रशासन से शिकायत की है। निगम ने रविवार के दिन बाजार का निरीक्षण करने और अतिक्रमण हटाने के लिए टीमें बना रखी हैं।