लोग हॉट एयर बैलून से निहार सकेंगे शिमला शहर की हसीन वादियां, शनिवार को हुआ सफल ट्रायल
विज्ञापन
पंजाबी लोक गायक गुरदास मान होंगे स्टार नाइट कलाकार अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल के दौरान इस बार हॉट एयर बैलून भी उड़ाया जाएगा। इसमें स्थानीय लोगों के साथ सैलानियों को ऊंचाई से शिमला शहर का नजारा देखने को मिलेगा। वहीं स्टार नाइट में पंजाबी लोक गायक गुरदास मान धमाल मचाएंगे।
जिला प्रशासन ने उनसे स्टार नाइट को लेकर बात कर ली है।, कार्यक्रम भी लगभग तय कर लिया है। कुछ अन्य बॉलीवुड और पंजाबी गायकों से अभी बात चल रही है। जल्द ही अन्य कलाकार भी तय हो जाएंगे। जिला प्रशासन पहले जैस्मीन और रंधावा को भी स्टार नाइट में बुलाने की तैयारी कर रहा था। फिलहाल इनसे बात नहीं बनी पाई है। स्टार नाइट में हिमाचली लोक गायकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इसके अलावा समर फेस्टिवल को और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन पहली बार रिज मैदान पर हॉट एयर बैलून भी उड़ाएगा। इसके लिए शनिवार को रिज मैदान पर इसका ट्रायल भी किया गया। प्रशासन का दावा है कि यह ट्रायल सफल रहा है। जल्द ही इसका शुल्क भी तय किया जाएगा। हॉट एयर बैलून को शांत हवा में ही उड़ाया जा सकता है। रिज पर आमतौर पर हवा का बहाव कई बार काफी तेज होता है। समर फेस्टिवल के दौरान भी यदि हवा का बहाव तेज हुआ तो इसकी उड़ान रुक सकती है। एडीएम पंकज शर्मा ने कहा कि मौसम और हवा को देखते हुए ही इसे उड़ाया जाएगा। इसकी ऊंचाई सीमित रखी जाएगी।
हेलीकाॅप्टर उड़ाने की भी है योजना
शिमला शहर की सात पहाड़ियों की सैर करवाने के लिए जिला प्रशासन समर फेस्टिवल के दौरान हेलीकॉप्टर भी उड़ाने जा रहा है। इनमें जाखू हिल, एलिसियम हिल, बैंटनी हिल, प्रॉस्पेक्ट हिल, इन्वरआर्म हिल, ऑब्जर्वेटरी हिल और समरहिल शामिल है। संजौली हेलीपोर्ट से इसका संचालन किया जाएगा। इसका किराया तय किया जा रहा है। हेलीकॉप्टर उड़ाने की अनुमति के लिए प्रशासन औपचारिकताएं भी पूरी कर रहा है।