बुलंद हौसले के आगे कठिन से कठिन डगर भी आसान हो जाती है। प्रदेश की बेटी ने भी ऐसा ही कुछ कर दिखाया है। शारीरिक रूप से अक्षम होने के बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। मन में यही जज्बा पाले सुलोचना देवी ने अपने सपनों को पंख लगाए। चंबा जिले की सुलोचना यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ डिसेबल प्लेयर में लिफ्टिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता अमेरिका के लॉस एंजेल्स शहर में 25 जुलाई से शुरू होगी। चंबा के भटियात तहसील के पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर की इस खिलाड़ी की प्रतिभा को तराशने में पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर का काफी हाथ है। उनके पिता तिलकराज चुवाड़ी की होबार पंचायत के जांबली गांव के रहने वाले हैं।