आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के संरक्षण में आउटसोर्स भर्ती में अरबों का घोटाला हुआ है। मंत्रियों और उनके चहेतों को फायदा देने के लिए सरकार ने घोटाला किया है। यह घोटाला सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों के लिए पॉलिसी बनाने के दौरान एकत्र आंकड़ों से सामने आया है। प्रदेश के 27,633 युवाओं को आउटसोर्स पर रोजगार देने वाली 125 में से 110 कंपनियां फर्जी पाई गई हैं। 15 कंपनियों के बारे में सरकार को जानकारी हासिल हुई है।
सुरजीत ने वीरवार को शिमला में प्रेसवार्ता में कहा कि सरकार को इसकी जांच सीबीआई से करानी चाहिए। कहा कि अगर प्रति कर्मचारी को 20 हजार रुपये वेतन दिया जाता है तो इससे कंपनियों की 30 फीसदी कमीशन जाती है। इस हिसाब से एक कर्मचारी से एक महीने में 6 हजार रुपये ठेकेदार कंपनियां कमा रही हैं। एक वर्ष और पांच वर्ष के हिसाब से देखा जाए तो यह आंकड़ा 9 अरब 94 करोड़ 78 लाख रुपये बनता है। कहा कि जयराम सरकार के नाक के नीचे एक के बाद एक घोटाले हो रहे हैं। पुलिस पेपर लीक के बाद अभी एक बड़ा मामला सामने आया है। इस बड़े घोटाले में सीधे तौर पर नेता, मंत्री मिले हुए हैं।