प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद वादे पूरा न करने के भाजपा के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं में इस समय नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए होड़ मची है। इसलिए बढ़-चढ़कर बयान दिए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार ऊना पहुंचे मुकेश अग्निहोत्री ने जिले के प्रवेश द्वार मैहतपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभी सरकार को बने 10 दिन का समय हुआ है। भाजपा के लोग थोड़ा धैर्य बनाकर रखें। कांग्रेस ने ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) सहित जितने भी वादे किए हैं, उन पर पहली कैबिनेट बैठक में मुहर लगेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग मिलकर ये सोचें कि उनकी सल्तनत कैसे डूब गई। उन्होंने कहा कि बीते छह महीने में बिना टेंडर और बिना बजट के कई फैसले लिए गए हैं जो चुनावों से प्रेरित थे। उन सभी की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले बजट में सारी प्राथमिकताएं तय हो जाएंगी। कैबिनेट के गठन पर उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और इस पर केंद्रीय आलाकमान से चर्चा के बाद फैसला लेंगे। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ‘अभी से आपकी आंखों में आ गए आंसू, अभी तो छेड़ी नहीं दास्तां हमने’।
एचआरटीसी की 1,000 बसें जीरो वैल्यू से नीचे
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम (एचआरटीसी) की 1,000 बसें जीरो वैल्यू के नीचे हैं। एचआरटीसी के 94 प्रतिशत रूटों पर घाटा हो रहा है और मात्र छह प्रतिशत लाभ में हैं। प्रदेशभर में एचआरटीसी की 3,500 बसें चल रही हैं और परिवहन निगम 1,350 करोड़ के घाटे में है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसको लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।
पाइप खरीद की होगी जांच
अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश भर में भारी मात्रा में पाइपों की खरीद की गई, जो जगह-जगह बिखरे हैं। अगले 10 साल के पाइप भी पहले से खरीद लिए गए। यह खरीद क्यों की गई और इसके जरिये किसे करोड़ों का लाभ पहुंचाया गया, इसकी पूरी जांच की जाएगी।