प्रदेश सरकार जिस तरह बंपर एनर्जी प्रदेश की अफसरशाही के तबादलों में लगा रही है, अगर इतनी ही एनर्जी से सरकार प्रदेश में विकास का पहिया घुमाए तो बात कुछ और ही होगी। यह बात विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कही।
विधायक ने कहा जिस तरह से बीते तीन दिनों में प्रदेश सरकार ने अफसरशाही को नचाया है, उससे ऐसा लगता है कि प्रदेश सरकार पूरी तरह रिमोट कंट्रोल के सहारे चल रही है।
पूर्व कांग्रेस सरकार पर तो भाजपा लगातार प्रदेश को कर्ज में डुबोने का आरोप लगाती रही, लेकिन अब नई नवेली सरकार ने 500 करोड़ रुपये कर्ज लेने का फरमान जारी किया है जो पूरी तरह हास्यास्पद लग रहा है।
राणा ने कहा, प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने गृह क्षेत्र सिराज को स्विट्जरलैंड बनाने की बात कर रहे हैं, जो सही है, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री केवल अपने गृह क्षेत्र तक ही सीमित न रहें, बल्कि पूरे प्रदेश को स्विट्जरलैंड बनाने की बात करें, तो सही होगा।
विधायक ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा था कि भाजपा सरकार जो भी जनहित में कार्य करेगी, विपक्ष उसका समर्थन करेगा, लेकिन अगर भाजपा मुद्दाविहीन बातें करेगी, जनहित में फैसले न लेकर भेदभाव की राजनीति करेगी, तो विपक्ष उसको सहन नहीं करेगा। इस मौके पर ब्लॉक समिति सुजानपुर के उपाध्यक्ष लेखराज ठाकुर, युवा कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक राणा भी मौजूद रहे।