सिहुंता में किराये के मकान पर रह रहे एक 12 वर्षीय किशोर ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह मामला रविवार को सुबह के वक्त सामने आया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए भेजा। धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय किशोर के पिता भी घर में मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार मृतक किशोर का परिवार पिछले 25 सालों से सिहुंता में किराये के मकान में रह रहा है। रविवार को अचानक किशोर ने पंखे के कुंडे से फंदा लगा लिया। परिजनों ने तुरंत उसे समोट अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया।
परिजनों से भी पूछताछ की गई, लेकिन किशोर के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया। शव का पोस्टमार्टम टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा में होगा। जिले में पंखे से लटककर जान देने का यह दूसरा मामला है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमार्टम टांडा मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा।