आयोजन का मकसद युवा को नशे से बचाना : बिक्रम कंवर संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के उपनगर न्यू शिमला में रविवार को शिमला शतरंज शृंखला के तहत शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के 36 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले हुए।
शिमला चेस क्लब के संस्थापक बिक्रम कंवर ने बताया कि न्यू शिमला से शिमला चेस सीरीज के मई संस्करण के तहत चेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मुकाबले हुए। इसमें पुरुष वर्ग में सिद्धार्थ वर्मा ने पहला, चिमय बिष्टू ने दूसरा और नवोदित शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में सुहानी सूद ने प्रथम, सुषमा चंदेल ने द्वितीय और खुशबू ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में सबसे कम आयु के प्रतिभागी साढ़े सात वर्षीय अंकुश कुमार शामिल हुए। उन्होंने भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिमला शतरंज क्लब के संस्थापक विक्रम कंवर ने कहा कि शिमला शतरंज शृंखला का उद्देश्य खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध करवाना और शहर में शतरंज को मजबूत करना है। यही नहीं इस तरह की स्पर्धाओं का आयोजन होने से युवा नशे से बचेंगे तथा खेलों की तरफ उनका रुझान बढ़ेगा। हर वार्ड में युवाओं को ऐसी खेलों की तरफ प्रोत्साहित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भविष्य में शिमला और आसपास के क्षेत्रों में नियमित मासिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता का संचालन वरिष्ठ राष्ट्रीय रेफरी योगेश जोशी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल विश्वविद्यालय की भाषा संकाय की प्रोफेसर नीलिमा कंवर ने शिरकत की।