शिमला। राजधानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालूगंज और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र और सामाजिक कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने नशा नहीं करने की शपथ ली। तंबाकू मुक्त हिमाचल और नशा नहीं, जोश चाहिए अभियान के तहत बालूगंज स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सभी ने हस्ताक्षर कर यह संकल्प व्यक्त किया कि वह स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों तथा विद्यालय समुदाय में भी तंबाकू सेवन को बढ़ावा नहीं देंगे। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रीता ने बताया कि तंबाकू कंपनियां युवाओं को आकर्षित करने के लिए विभिन्न फ्लेवर के माध्यम से इन उत्पादों का प्रचार कर रही हैं और उन्हें सुरक्षित या आधुनिक विकल्प के रूप में प्रस्तुत कर रही हैं, जबकि यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। संवाद