दिसंबर और जनवरी का डिपुओं में मिलेगा कोटा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहरवासियों को नए साल पर डिपुओं में चीनी मिलनी शुरू हो जाएगी। ऐसे में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच लोगों को बाजारों में ऊंची कीमतों में चीनी की खरीदारी नहीं करनी पड़ेगी। राशन डिपुओं में दिसंबर और जनवरी का चीनी का कोटा लोगों को उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे शहर के हजारों राशनकार्ड उपभोक्ताओं को सीधा लाभ होगा।
राजधानी में डिपुओं की तुलना में खुले बाजारों में चीनी लोगों को महंगे दामों पर मिल रही है। लोगों को पिछले कई महीनों से 55 रुपये तक चीनी की खरीदारी करनी पड़ रही है। ऐसे में आम परिवारों का बजट गड़बड़ा गया है। राशन डिपो में आए लोग आए दिन यही पूछते हैं कि कब चीनी का कोटा आएगा। शहर में 40 से अधिक राशन के डिपो हैं। इन डिपुओं से आटा, चावल, नमक, तेल और दालों की हर माह करीब 25 हजार राशन कार्ड धारक खरीदारी करते हैं, लेकिन डिपुओं में चीनी न होने के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। हालांकि विभाग का दावा है कि नए साल पर लोगों को चीनी मिलेगी। दिसंबर और जनवरी का कोटा एकसाथ लोगों को दिया जाएगा। इसको लेकर आर्डर भी जा चुका है। ऐसे में जल्द चीनी गोदामों में पहुंच जाएगी।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि पहले जब चीनी मंगवाई थी, तो इसकी क्वालिटी को लेकर समस्या पेश आ गई थी। इस कारण इसे वापस करवाया गया। हालांकि नवंबर के आधे महीने तक तो सप्लाई दी गई, लेकिन इसके बाद दिसंबर बीतने तक सप्लाई नहीं आई है। यहीं कारण है कि लोगों के लिए यह एक समस्या बनी हुई है।
शहर के राशन डिपुओं में बीपीएल परिवारों को 13 रुपये, एपीएल को 33 रुपये और एपीएल टैक्स को चीनी 46 रुपये प्रतिकिलो की दर से उपलब्ध करवाई जाती है।