हिमाचल के सरकारी डिपुओं में मिलने वाली चीनी अब और सस्ती हो सकती है। लोगों को सस्ती चीनी उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार निजी कंपनियों के बजाय सरकारी एजेंसी से खरीद करने जा रही है। इसके लिए हरियाणा सरकार से बातचीत हो चुकी है।
लेकिन केंद्र सरकार से चीनी की सब्सिडी का पैसा न मिलने पर पूर्व कांग्रेस सरकार ने चुनावी वर्ष 2017 में अपने स्तर पर लोगों को सब्सिडी पर चीनी देने का फैसला लिया था। तब से एपीएल उपभोक्ताओं को चीनी साढ़े 29 रुपये के हिसाब से मिल रही है।
बताया जा रहा है कि अगर हरियाणा सरकार से चीनी की खरीद होती है तो उपभोक्ताओं को चार रुपये तक सस्ती चीनी मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। निगम के अफसरों ने खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर से इसको लेकर चर्चा की है।
हरियाणा सरकार से चीनी खरीदने का फैसला लिया गया है। सीधे सरकारी एजेंसी से खरीद होने से पहले की अपेक्षा दाम भी कम होगा। उपभोक्ताओं को कम दामों पर चीनी उपलब्ध कराए जाने का मामला सरकार के विचाराधीन है। -एसएस गुलेरिया, निदेशक खाद्य आपूर्ति निगम