हिमाचल में 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को रेडियो से पढ़ाने के लिए सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय और आकाशवाणी के बीच एमओयू साइन हो गया है। शिक्षा निदेशालय को 11 बजकर 10 मिनट से 11 बजकर 40 मिनट और साढ़े 12 बजे से एक बजे तक के दो स्लॉट मिले हैं। आकाशवाणी ने एमओयू को अंतिम मंजूरी के लिए दिल्ली भेज दिया है। संभावित है कि बुधवार से रेडियो के माध्यम से दो कक्षाओं के करीब दो लाख विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि रेडियो पर पढ़ाई करवाने के लिए टाइम टेबल इस तरह से बनाया जाएगा कि दूरदर्शन की पढ़ाई इससे प्रभावित न हो।