मंगलवार को स्कूल पहुंचीं बाल अधिकार संरक्षण आयोग की प्रदेशाध्यक्ष ने हड़ताल पर बैठे बच्चों को आश्वासन दिया था कि सात दिनों के भीतर स्कूल में अध्यापक तैनात न हुए तो आयोग के सभी सदस्य अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
इस पर बच्चों ने हड़ताल तो खत्म नहीं की, लेकिन बुधवार को स्कूल पहुंचे और सीनियर ने जूनियर को पढ़ाया। बच्चों और अभिभावकों ने शिक्षा सचिव, बाल संरक्षण की अध्यक्ष और अमर उजाला का अध्यापकों की तैनाती के लिए आभार जताया।
टीजीटी मेडिकल, पीजीटी इंग्लिश, पीजीटी इतिहास और पीजीटी हिंदी के शिक्षकों ने वीरवार को ज्वाइन किया। अभी कला अध्यापक का पद नहीं भरा है। पीजीटी अंग्रेजी, पीजीटी हिंदी और पीजीटी इतिहास के शिक्षक डेपुटेशन के तहत विद्यालय में तैनात किए गए हैं।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पाल ने बताया कि बघेईगढ़ स्कूूल में छात्रों की हड़ताल समाप्त हो चुकी है। चार शिक्षकों ने स्कूल में ज्वाइन कर लिया है। पांचवां शिक्षक भी जल्द ही स्कूल में ज्वाइन कर लेगा।