दोस्तों के साथ मिलकर खड्ड में नहाने उतरे जमा दो के छात्र की मौत हो गई। यह पूरा हादसा दोस्तों की आंखों के सामने हुआ। मामला कांगड़ा का है। यहां ज्वाली के अंतर्गत मंगलवार को देहर खड्ड में नहाते समय एक स्कूली छात्र की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक अभिषेक (16) पुत्र जीवन कुमार निवासी राजा का तालाब जमा दो का छात्र था और मंगलवार को पहला पीरियड लगवाने के बाद अपने दोस्तों कैलाश व रोहित के साथ ज्वाली चला गया। जहां तीनों दोस्त नहाने के लिए देहर खड्ड में चले गए।
खड्ड में गहरा पानी होने के चलते अभिषेक गोते खाने लग पड़ा। उसके दोस्तों ने अभिषेक को पानी में डूबते हुए देखा तो इन्होंने अभिषेक को पानी से निकालकर सड़क किनारे पहुंचाया। इसके बाद ज्वाली की तरफ से आ रही एक गाड़ी की मदद से उसे ज्वाली के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया।
जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। इसी बीच डाक्टर ने ज्वाली पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है।