साल 2017-18 की छात्रवृत्ति राशि अभी तक जारी नहीं होने से परेशान सैकड़ों विद्यार्थी और अभिभावक बुधवार को विधानसभा परिसर पहुंचे। विद्यार्थियों ने फीस नहीं देने पर पंजाब के निजी संस्थान में प्रवेश नहीं मिलने की शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से शिकायत की। उन्होंने कहा कि 2017-18 की फीस जमा नहीं होने से भविष्य अधर में लटक गया है। शिक्षा मंत्री से गुहार लगाते हुए विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा निदेशालय को जल्द से जल्द छात्रवृत्ति राशि जारी करने की मांग की।
हिमाचल स्टूडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षा मंत्री से मिले विद्यार्थी पंजाब के मोहाली के निजी संस्थान में पढ़ते हैं। विद्यार्थी संजय कुमार, हेमराज, अमित कुमार, चंचला देवी और लता देवी सहित कई अन्य ने बताया कि एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग के छात्रों को मिलने वाली पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप का उनके संस्थान को बीते साल से भुगतान नहीं हुआ है।इसके चलते 2018 मेें शिक्षा ग्रहण कर चुके विद्यार्थियों को मार्क्स शीट और डिग्री नहीं मिल पा रही है।
कॉलेज से बिना फीस के नो ड्यूज प्राप्त नहीं हो रहे हैं। कई विद्यार्थी नौकरी मिलने के बावजूद प्रमाणपत्र नहीं होने से परेशान घूमने को विवश हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि सीबीआई की ओर से साल 2013 से 2016 तक के छात्रवृत्ति आवेदनों का निरीक्षण किया जा रहा है। 2017 के आवेदनों से सीबीआई का कोई लेना-देना नहीं है। निदेशालय के अधिकारियों नेे बेवजह उनके संस्थान की छात्रवृत्ति राशि रोक दी है, जिसका खामियाजा सैकड़ों विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।