पुराना सर्वे के अनुरूप टनल का कार्य करवाने की मांग अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में फोरलेन ट्विन टनल प्रभावित संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप से मुलाकात की। इस दौरान फोरलेन के पुराने सर्वे को बहाल कर उसी के अनुसार निर्माण करने, टनल निर्माण से सैकड़ों भवनों को पैदा हुए खतरे को देखते हुए निर्माण कार्य स्थायी रूप से बंद करने और भवनों में आई दरारों के एवज में मालिकों को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महापौर संजय चौहान, शांति विहार वार्ड के पार्षद विनीत शर्मा, भट्ठाकुफर वार्ड के पार्षद नरेंद्र ठाकुर, समिति की कार्यकारिणी के सदस्य और प्रभावित भवन मालिक राजेंद्र चौहान सहित के अन्य सदस्य शामिल रहे। उन्होंने टनल निर्माण जारी रहने से क्षेत्र के सैकड़ों भवनों पर मंडरा रहे खतरे और स्थानीय लोगों की समस्याओं से उपायुक्त को अवगत करवाया। समिति के सदस्यों ने क्षेत्र में टनल निर्माण और ब्लास्टिंग दोबारा शुरू होने की आशंकाओं पर चिंता जताते हुए जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उपायुक्त को सौंपे गए मांगपत्र में मुख्य रूप से दो मांगें उठाई गईं। इनमें ट्विन टनल का निर्माण आगे नहीं बढ़ाने और पुराने सर्वे के अनुसार फोरलेन का निर्माण करने की मांग प्रमुख रही। समिति ने बताया कि टनल का निर्माण जिस हिस्से में अभी बाकी है, वहां शांति विहार और भट्ठाकुफर की घनी आबादी है। इन क्षेत्रों में करीब 500 घर बने हुए हैं। समिति ने दूसरी प्रमुख मांग में कहा कि जिन मकानों में दरारें आई हैं या जिन्हें नुकसान पहुंचा है, उनके मालिकों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन प्रभावी व्यवस्था बनाए।