विधानसभा के बाहर शुक्रवार को हुए प्रदर्शन तथा पथराव में शामिल युवा कांग्रेस के कई और कार्यकर्ताओं को नामजद करने की तैयारी है। पुलिस इसके लिए वीडियो से कार्यकर्ताओं की पहचान करने जा रही है। अब तक 20 पदाधिकारियों पर केस दर्ज किया है।
इनमें युकां के प्रदेशाध्यक्ष, महासचिव समेत एनएसयूआई के कई वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी शामिल हैं। मामले की जांच का जिम्मा बालूगंज थाना प्रभारी को सौंपा है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद आने वाले दिनों में इन पदाधिकारियों की गिरफ्तारियां की जाएंगी।
हालांकि, शनिवार तक पुलिस ने किसी कार्यकर्ता को गिरफ्तार नहीं किया है। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही पथराव में शामिल और कार्यकर्ताओं को नामजद कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।