फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊर्जा नीति: सुक्खू बोले- 40 साल बाद केंद्रीय परियोजनाओं से 50 फीसदी मुफ्त बिजली रॉयल्टी लेगा हिमाचल

Wed, 25 Nov 2026 04:06 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला।

सार

 मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जलविद्युत राज्य की आय के प्रमुख स्रोतों में से एक है और यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हिमाचल प्रदेश को अपने जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं में उसका उचित हिस्सा मिले।
विज्ञापन
बिजली। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसयू) की जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलेगी। वहीं, संचालन के 50 वर्ष पूरे होने पर सभी देनदारियों से मुक्त होने के बाद इन परियोजनाओं को बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित किया जाएगा। इस संशोधन के दायरे में एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की प्रदेश में संचालित जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। नए प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में की गई इस वृद्धि से राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी तथा विकासात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश की जनता को अपने बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों से उचित और समान लाभ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

विज्ञापन
Trending Videos

संशोधन के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी
वर्तमान में मौजूदा नीति के तहत राज्य को मुफ्त बिजली रॉयल्टी के रूप में पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, आगामी 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और शेष 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत बिजली प्रदान की जाती है। 30 सितंबर, 2024 को अधिसूचित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय और राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू थे। इसके कारण एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी द्वारा पहले से ही संचालित जलविद्युत परियोजनाओं से रॉयल्टी बढ़ाने का मामला सम्मिलित नहीं हो पा रहा था। इस संशोधन के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। 

इन बिजली परियोजनाओं से मिलेगी रॉयल्टी
इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजनाएं तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसके अंतर्गत आएंगी। उल्लेखनीय है कि बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसे व्यावसायिक रूप से संचालित हुए 40 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए जल सबसे मूल्यवान प्राकृतिक संसाधनों में से एक है। इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार का मत है कि राज्य की विशिष्ट भौगोलिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए जल संसाधनों के उपयोग से होने वाले लाभों में प्रदेश की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। 
विज्ञापन

राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध: सीएम
इस संशोधन का उद्देश्य विशेष रूप से उन जलविद्युत परियोजनाओं से राज्य को अधिक और उचित लाभ दिलाना है, जिन्होंने अपने संचालन के 40 वर्ष पूरे कर लिए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार प्रदेशवासियों को अधिकतम लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि जलविद्युत राज्य की आय के प्रमुख स्रोतों में से एक है और यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हिमाचल प्रदेश को अपने जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं में उसका उचित हिस्सा मिले।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें