राज्य मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति पर सोमवार को भी फैसला नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सरकारी निवास ओक ओवर शिमला में हाई पावर कमेटी की बैठक में नेता प्रतिपक्ष प्रेमकुमार धूमल नहीं आए।
बाद में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक से पहले वीरभद्र-स्टोक्स में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। सात जून को राज्य सूचना आयुक्त केडी बातिश की सेवानिवृत्ति से पहले अगर इस पद को भरने पर निर्णय नहीं हुआ तो राज्य सूचना आयोग बगैर मुखिया के होगा।
सोमवार को ओक ओवर शिमला में हाई पावर कमेटी की बैठक बुलाई गई थी। इस कमेटी के तीन सदस्य मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स हैं।
सूत्रों ने बताया कि विपक्ष के नेता धूमल कहीं अन्यत्र व्यस्तता होने के कारण इस कमेटी में नहीं आ पाए। ऐसे में ये बैठक आगे टल गई। सीएम वीरभद्र सिंह सवेरे मंडी में एक कार्यक्रम में चले गए। उसके बाद शिमला पहुंचते ही उन्होंने राज्य सचिवालय में आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स के साथ बैठक कर इस विषय पर चर्चा की।
मगर धूमल की राय लिए बगैर इस पद पद नियुक्ति के लिए अभी तक कोई नाम तय नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि संभव है कि एक-दो दिन में इस पर कोई फैसला नहीं हो पाया।