अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। पर्यावरण समिति नाहन ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर शिशु विद्या निकेतन स्कूल नाहन में अंतर स्कूल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व सम्मान समारोह का आयोजन किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जहां शहर के डीएवी, एसवीएन, अर्चित, कारमल कान्वेंट, ब्वॉयज स्कूल नाहन के दर्जनों बच्चों ने भाग लिया वहीं सम्मान समारोह के दौरान सोसायटी द्वारा शहर के उन प्रबुद्ध व्यक्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शहर के पर्यावरण को संरक्षित रखने में अहम योगदान दिया है।
कार्यक्रम में डीएफओ हैडक्वार्टर डॉ. प्रदीप शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान वयोवृद्ध समाजसेवी सत्येंद्र सिंह व देवी प्रसाद जोशी ने मुख्यातिथि को शॉल-टोपी पहना कर उनका अभिनंदन किया। जबकि प्रो. अमर सिंह चौहान व आरएस चौहान ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. प्रदीप शर्मा, पर्यावरण सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. सुरेश जोशी ने स्कूली छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने, बिजली-पानी की बचत करने तथा प्राकृतिक संसाधनों को दूषित होने से बचाने पर बल दिया।
विद्यालय में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल नाहन प्रथम, अर्चित इंटरनेशनल स्कूल नाहन ने द्वितीय, ब्वॉयज स्कूल नाहन ने तृतीय स्थान हासिल किया। जबकि कारमल कान्वेंट स्कूल नाहन को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस मौके पर पर्यावरण सोसायटी द्वारा शहर के पर्यावरण संरक्षण में अहम योगदान देने वाले कारमल कान्वेंट स्कूल के अध्यापक गुलशन अहमद, एवीएन स्कूल के अध्यापक श्रीकांत अकेला, मोहम्मद क्यूम व शिशु विद्या निकेतन स्कूल के अध्यापक अवतार सिंह को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर सोसायटी द्वारा पर्यावरण दिवस पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में लगातार तीन वर्ष तक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जीतने वाले डीएवी पब्लिक स्कूल नाहन को संयोगिता ट्रॉफी से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रो. अमर सिंह चौहान, सत्येंद्र सिंह, एसडी रात्रा, निरूपमा जोशी, शैलेंद्र सिंह, कृष्ण गौड़, कृष्ण सोहल, केएल पराशर, भारती, दलीप सिंह वर्मा, अजय गर्ग, अनिल, अशोक विक्रम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
----------------------
--पंकज तन्हा