फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनमंच कार्यक्रम में परोसी बासी धाम, खाना पत्तलों में छोड़ लौटे गुस्साए लोग

Wed, 12 Feb 2020 07:44 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोनहाट/ शिलाई (सिरमौर)
विज्ञापन
जनमंच कार्यक्रम में परोसी बासी धाम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

शिलाई उपमंडल के टिंबी में हिमाचल सरकार के जनमंच कार्यक्रम में लोगों को बासी धाम परोस दी। खाने में दुर्गंध आने पर गुस्साए लोग खाना पत्तलों में ही छोड़कर लौट गए। जनमंच में क्षेत्र की 10 पंचायतों के सैकड़ों लोग पहुंचे थे।

विज्ञापन


लोगों के हंगामा करने के बाद जब रसोई घर में देखा तो दाल के बर्तन में झाग दिखाई दे रही थी। पता करने पर मालूम हुआ कि भोजन एक दिन पहले बनाया था, जिसे दूसरे दिन कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को परोसा जा रहा था। कार्यक्रम के मुख्यातिथि शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज थे। 

20वें जनमंच कार्यक्रम में उपस्थित हजारों लोगों को दुर्गंध वाला खाना परोसा गया। पंडाल में बैठे हजारों लोगों ने उस वक्त हंगामा मचा दिया, जब उनके सामने थाली में परोसी गई दाल से बदबू आने लगी। लोगों ने जिस खाने को छोड़ दिया, पंडाल में कुत्ते भी उस खाने को सूंघकर चले गए।

विज्ञापन

एसडीएम शिलाई करेंगे जांच

जनमंच कार्यक्रम में परोसी बासी धाम - फोटो : अमर उजाला
हरीश कुमार, लायक राम, जांगली राम, अरविंद कुमार, ज्योति राम, ज्ञान प्रकाश, अजय शर्मा, मोहन सिंह, कल्याण सिंह, लक्ष्मी देवी, अर्चना कुमारी और सालकु राम आदि ने बताया कि जनमंच में उन्हें ऐसा भोजन परोसा गया, जिसमें दुर्गंध आ रही थी। 

उपायुक्त डॉ. आरके परूथी ने एसडीएम शिलाई को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि सिर्फ दाल में दिक्कत आई थी। सब्जी, चावल, पूरी, मटर पनीर और कढ़ी आदि सब ठीक थे। उपायुक्त परूथी ने कहा कि चावल, पूरी, दाल, सब्जी, हलवा सहित कई व्यंजन बने थे। इनमें दाल खराब होने की शिकायत थी।

157 जनमंच, 42,730 शिकायतों का समाधान

जनमंच से पूर्व प्रदेशभर में 157 जनमंच आयोजित कर 1330 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को लाभ पहुंचाया गया है। इस अवधि में 46,801 शिकायतें और मांग पत्र प्राप्त हुए जिनमें से 42,730 का समाधान किया जा चुका है। जनमंच के माध्यम से प्रदेश भर में आठ हजार परिवारों को बेटी है अनमोल योजना का लाभ दिया है। 6,74,013 डिजिटल राशन कार्ड जारी की है। 73,501 परिवारों को हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना का लाभ प्रदान किया गया।

इस दौरान 1,98,331 जनधन खाते खोले गए। जनमंच में 51,186 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण एवं टीकाकरण, 2,42,756 पात्र व्यक्यिों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 70, 337 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण,  8,363 इंतकाल और 46,038 विभिन्न तरह के प्रमाण पत्र जारी किए। हमीरपुर की पंचायत टिप्पर के अंबेहड़ी में पुलिस विभाग ने लोगों को साइबर अपराधों बारे में जागरूक किया।
विज्ञापन

आठ जिलों के जनमंच में 1200 से अधिक शिकायतें पहुंची

 प्रदेश के आठ जिलों में आज जनमंच आयोजित किया गया जिनमें 1218 मांगें व शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया गया। मंडी जिले में 16 फरवरी जबकि कांगड़ा जिले में 19 फरवरी को जनमंच आयोजित किए जाएंगे।  शिमला जिले के झाकड़ी में वन मंत्री गोबिंद ठाकुर ने जनमंच मंत्री ने एक से डेढ़ महीने में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली राज्य स्तरीय बैठक में नाथपा-झाकड़ी परियोजना के प्रभावितों की समस्या का समाधान का आश्वासन दिया। 

ऊना जिले के पालकवाह में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पौंग बांध का सिंचाई जल ऊना में पहुंचाया जाएगा। पार्वती घाटी की शाट सब्जी मंडी में जनमंच की अध्यक्षता करते हुए कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कुल 101 शिकायतों में से 78 शिकायतों का निपटारा किया। बड़सर के जनमंच में प्रदेश समन्वयक नरेंद्र बरागटा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता के प्रति उनकी जवाबदेही तय है। कोताही सहन नहीं की जाएगी। 118 शिकायतें और 201 मांगपत्र प्राप्त हुए। 85 फीसदी शिकायतें निपटाईं।

चंबा जिले के भलेई में आयोजित जनमंच में उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने जनहित के मुद्दों को लटकाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक न पहुंचाने पर कई विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर क्लास लगाई। हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत चूल्हे न मिलने की बात सामने आई। 
घुमारवीं के भराड़ी में पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर की अध्यक्षता में आयोजित जनमंच में मौके पर 101 आवेदन सुनवाई को पहुंचे। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही पर मंत्री ने दिए सख्त आदेश दिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें