एसपीयू यूजी प्रथम सेमेस्टर प्रायोगिक परीक्षाएं 12 से
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के अधीन आने वाले महाविद्यालयों में यूजी प्रथम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं 12 नवंबर से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इसको लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। ये परीक्षाएं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत होंगी। सभी संकायों के विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक परीक्षाएं निर्धारित की हैं। इन परीक्षाओं का आयोजन 12 से 25 नवंबर तक किया जाएगा। महाविद्यालयों में परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। महाविद्यालयों के प्राचार्य को सुनिश्चित करना होगा कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हों। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. सनील ठाकुर ने कहा है कि सभी महाविद्यालयों को निर्धारित समय-सारिणी का सख्ती से पालन करना होगा। उन्हें परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न करवाना सुनिश्चित करने को कहा गया है।