कबड्डी,टेबल टेनिस व बॉक्सिंग प्रतियोगिता।
- फोटो : संवाद
कन्या स्कूल पांवटा साहिब के खेल मैदान में खेली जा रही बालिका वर्ग अंडर-14 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी का खिताब सिरमौर ने जीत लिया। फाइनल मुकाबला सिरमौर और शिमला के बीच खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में सिरमौर ने 34-30 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। खो-खो के पहले सेमीफाइनल में मंडी ने सिरमौर को 16-6 अंतर से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में चंबा ने हमीरपुर को 9-6 के अंतर से हराया। खिताबी मुकाबला रविवार को होगा। वॉलीबाल में कांगड़ा ने लाहौल-स्पीति को 2-0, मंडी ने कुल्लू को 2-0, सिरमौर ने शिमला को 3-1 और चंबा ने सोलन को 3-0 से हराकर जीत दर्ज की।
टेबल टेनिस में गीतांजलि और अधिराज चैंपियन
शिमला में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दूसरे दिन अंडर-11, 15 बॉयज और गर्ल्स के फाइनल मुकाबले हुए। अंडर-11 बॉयज में फाइनल मुकाबला कांगड़ा के अधिराज अैर शिमला के अयान गुप्ता के बीच हुआ। अधिराज ने अयान को 3-0 से शिकस्त दी। गर्ल्स का फाइनल मुकाबला शिमला की गीतांजली ने आना को 3-0 से हराया। अंडर-15 बॉयज के फाइनल में कांगड़ा ने शिमला को 3-1 से मात दी। पुरुषों के फाइनल में कांगड़ा ने 3-1 से एजी एचपी को शिकस्त दी। इसके अलावा अंडर-19 बॉयज के सेमीफाइनल में कांगडा ने 3-0 से सोलन को हराया और दूसरे मुकाबले में शिमला ने मंडी को 3-1 से शिकस्त दी। रविवार को फाइनल खेला जाएगा।
बॉक्सिंग में मंडी बना ओवरऑल विजेताए बिलासपुर के खिलाड़ी दूसरे स्थान पर
उधर, अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में ग्रामीण खेलों का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीण खेलों के तीसरे दिन बॉक्सिंग के मुकाबले हुए। इनमें जिला मंडी के खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग रिंक में बेहतरीन प्रदर्शन कर ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया है। जिला बिलासपुर के खिलाड़ी दूसरे स्थान पर कब्जा करने में कामयाब रहे। दशहरा में तीन दिन 11 भार वर्गों में बॉक्सिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इनमें 48 किलोग्राम भार वर्ग में जिला मंडी के विशाल ने सिरमौर के सचिन को मात दी। 51 किलोग्राम भार वर्ग में मंडी के अभिनाष ने कांगड़ा के सुमित को हराया। 54 किलोग्राम भार वर्ग में बिलासपुर के प्रियांशु ने हमीरपुर के सुशांत को शिकस्त दी। 57 किलोग्राम भार वर्ग में बिलासपुर के आशीष ने कांगड़ा के जतिन को मात दी।
60 किलोग्राम भार वर्ग में मंडी के सौरव जंबाल ने बिलासपुर के नीरज को हराया। 63 किलोग्राम भार वर्ग में बिलासपुर के अभिनाश जंबाल ने बिलासपुर के किन्नौर के विष्णुकांत को शिकस्त दी। 71 किलोग्राम भार वर्ग में शिमला के चंदा मोहन ने मंडी के विद्या सागर को मात दी। इसके अलावा 75 किलोग्राम भार वर्ग में मंडी के अयान परिहार ने बिलासपुर के हिमांशु जंबाल को हराया। 80 किलोग्राम भार वर्ग में सिरमौर के आशीष नेगी ने कुल्लू के विद्या प्रकाश को शिकस्त दी। 92 किलोग्राम भार वर्ग में मंडी के चेतन चौधरी ने बिलासपुर के राहुल कश्यप को मात दी, जबकि 92 किलोग्राम भार वर्ग से अधिक में मंडी के तरण प्रीत ने मंडी के ही हितेश को हराया। इसके अलावा वॉलीबाल और कबड्डी के मुकाबले रविवार को होंगे।