विभाग के एक हजार से अधिक कर्मचारी 23 साल बाद रामपुर में विभिन्न खेलों में दिखाएंगे दमखम
विज्ञापन
वन बल प्रमुख डॉ. संजय ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से दिए निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। हिमाचल प्रदेश वन विभाग में वर्षभर वन संरक्षण और प्रशासनिक दायित्व निभाने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी अब खेल मैदान में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विभाग ने 27वीं राज्य स्तरीय खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक रामपुर में करवाने का निर्णय लिया है। विशेष बात यह है कि 23 वर्ष बाद रामपुर वन वृत्त को इस प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डॉ. संजय सूद ने सभी वन वृत्तों के अरण्यपालों और वन मंडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने विशेष रूप से आयोजन समिति एवं रामपुर वन वृत्त के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिता में विभाग के लगभग एक हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, खेल स्थलों के रखरखाव, स्वागत व्यवस्था तथा प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की गई। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। गौरतलब है कि राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता की मेजबानी 23 वर्ष बाद रामपुर वन वृत्त को मिली है। रामपुर वन वृत्त के अरण्यपाल सीबी ताशीलदार ने कहा कि इतने लंबे अंतराल के बाद राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन रामपुर में होना पूरे वन वृत्त के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
कॉलेज, स्कूल और दत्तनगर मैदान में होंगे मुकाबले
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के लिए कॉलेज ग्राउंड पाटबंगला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर तथा दत्तनगर खेल मैदान का चयन किया है। प्रतियोगिता की तैयारियों और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अरण्यपाल, रामपुर वन वृत्त एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष सीबी ताशीलदार की अध्यक्षता में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। वन मंडल अधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह प्रतियोगिता के सफल आयोजन की तैयारियों का समन्वय कर रहे हैं।