हिमाचल प्रदेश की सीमाएं पर्यटकों और अन्य लोगों के लिए खुलने की घोषणा के बाद विमानन कंपनी स्पाइस जेट दिल्ली-गगल के लिए दो नई उड़ानें शुरू कर सकता है। अगर यात्रियों की संख्या बढ़ी तो ये उड़ानें पहली अक्तूबर से शुरू होंगी।
इन फ्लाइटों के शुरू होने का ऑनलाइन शेड्यूल भी विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इन नई उड़ानों के शुरू होने के साथ ही स्पाइस जेट की गगल एयरपोर्ट पर उतरने वाली फ्लाइटों की संख्या तीन हो जाएगी, जबकि एक उड़ान एयर इंडिया की होती है।
इस तरह अगले माह से गगल एयरपोर्ट पर चार उड़ानें हर दिन हो सकती हैं। शेड्यूल के अनुसार स्पाइस जेट की सुबह 6:55 पर पहली उड़ान दिल्ली से गगल के लिए होगी। दूसरी उड़ान सुबह 11 बजे और तीसरी उड़ान दोपहर 2:15 बजे होगी।
गगल से दिल्ली के लिए पहली उड़ान सुबह 8:50 बजे, दूसरी उड़ान 12:40 और तीसरी उड़ान अपराह्न 3:55 बजे होगी। वहीं एयर इंडिया 11:05 बजे दिल्ली से गगल और 4:45 बजे गगल से दिल्ली को उड़ान भरता है।
मार्च में ही कंपनी अपना वर्ष भर का शेड्यूल जारी कर देती है। इसी के चलते अक्तूबर में दो नई उड़ानें शुरू करने की योजना है। प्रदेश सरकार अनुमति देती है और यात्रियों की संख्या में इजाफा होता है तो ये उड़ानें शुरू की जाएंगी। अन्यथा रूटीन की तरह उड़ान होगी।
- जितेंद्र सिंह, प्रभारी, स्पाइस जेट गगल एयरपोर्ट