फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan News: विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर विशेष ट्रेन शुरू, महज 50 रुपये में करें सफर

Tue, 10 Oct 2023 06:05 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, सोलन
विज्ञापन
सैलानियों के लिए विशेष रेलगाड़ी शुरू - फोटो : संवाद
विज्ञापन

सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने विश्व धरोहर शिमला-कालका रेललाइन पर मंगलवार से विशेष रेलगाड़ी (014516) शुरू कर दी। यह रेलगाड़ी सुबह 11:55 बजे कालका से शिमला के लिए रवाना हुई। यह केवल धर्मपुर, बड़ोग रेलवे स्टेशन पर रुकी। यह शाम 4:45 बजे शिमला पहुंची। यह शिमला से शाम साढ़े छह बजे चलेगी और कालका में रात 11:45 बजे पहुंचेगी। नवरात्र के दौरान भी यह सेवा जारी रहेगी। पहले दिन इसमें करीब 100 यात्रियों ने सफर किया। इस रेलगाड़ी में किराया साधारण होगा।

विज्ञापन


कालका से शिमला के लिए इसमें मात्र 50 रुपये किराया निर्धारित किया है। इसी तरह कालका से बड़ोग और बड़ोग से शिमला तक यदि कोई जाता है तो उसे 30 रुपये चुकाने होंगे। अभी तक कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर हिमदर्शन और शिवालिक समेत पांच रेलगाड़ियां चलाई जा रही थी। अब नई गाड़ी चलने से रेलगाड़ियां की संख्या छह हो गई है। इससे बाहरी राज्यों से शिमला आने वाले पर्यटकों को राहत मिलेगी।

इस बारे में रेलवे मंडल अंबाला के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार ने बताया कि सैलानियों की सुविधा के लिए मंगलवार को विशेष रेलगाड़ी शुरू कर दी गई। त्योहारी सीजन के दौरान अब यह रोजाना आवाजाही करेगी।
विज्ञापन


दो रेलगाड़ियां 18 तक फिर रद्द
कालका शिमला रेलवे ट्रेक पर चलने वाली दो रेलगाड़ियों को 18 अक्तूबर तक रद्द कर दिया है। इसमें अपडाउन मिक्स, हिमाचल क्वीन शामिल है। साथ ही रेल कार को चलाने को लेकर भी अभी तक कोई निर्देश नहीं आए हैं। ऐसे में 18 अक्तूबर के बाद ही अब इनका संचालन हो पाएगा।

विज्ञापन

ट्रैक पर गर्म हो गया ट्रेन सेट का इंजन, ट्रायल फिर फेल

विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर ट्रेन सेट (सेल्फ प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट) का ट्रायल फिर से फेल हो गया। सात माह बाद ट्रेन सेट को सोमवार देर शाम कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर चलाया गया। इसे धर्मपुर तक चलाने की योजना थी। टकसाल तक पहुंचने से पहले ही इंजन गर्म हो गया और इसे वापस कालका रेलवे स्टेशन ले जाया गया। इस दौरान इसे अपग्रेड करने वाली टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। मंगलवार को भी इन्होंने कालका में खड़ी ट्रेन सेट में तकनीकी खामियां जांचीं। वहीं अब ट्रेन सेट को अपग्रेड करने वाली टीम के अन्य सदस्य भी बुलाए गए हैं। टीम इसमें खामियों को जाचेंगी। इसके बाद इसी सप्ताह दोबारा से इसके ट्रायल शुरू किए जाएंगे।

कालका-शिमला ट्रैक पर फरवरी में ट्रेन सेट का ट्रायल लिया गया था, मगर तीन बार ट्रायल लेने के बाद यह असफल रहा था। ऐसे में अब इसमें पावर ब्रेक, गियर बॉक्स और सस्पेंशन को अपग्रेड करने के बाद दोबारा से लाया गया, मगर फिर से इसमें इंजन गर्म होने की समस्या आ गई है। हालांकि अन्य खामियों अभी अपग्रेड हो चुकी हैं, इससे कोई परेशानी नहीं है। रेलवे अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार ने बताया कि ट्रेन सेट का कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर दोबारा से ट्रायल लिया गया। मगर इसमें इंजन गर्म होने की समस्या आई है। अंबाला से अब तकनीकी टीम बुलाई गई है। टीम इसमें इंजन की समस्या जांचेगी। इसी सप्ताह इसके दोबारा से ट्रायल होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें