विश्व धरोहर कालका-शिमला ट्रैक पर एक मई से सैलानी टॉय ट्रेन में रोमांच भरा सफर कर सकेंगे। इस वर्ष टॉय ट्रेन की एडवांस बुकिंग काफी पहले शुरू हो गई है। उम्मीद है कि मैदानी इलाकों में चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए भारी संख्या में देशी-विदेशी सैलानी पहाड़ों का रुख करेंगे।
अगर ऐसे ही एडवांस बुकिंग होती रही तो रेलवे विभाग विशेष ट्रेनों की संख्या भी बढ़ा सकता है। गर्मियों के मौसम में पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए विभाग दो विशेष टॉय ट्रेन चला सकता है। इनमें सैलानी दो माह तक रोमांचक सफर कर सकेंगे।
अतिरिक्त टिकट की तत्काल सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। 15 जुलाई के बाद पर्यटन सीजन गुजर जाता है, तब तक ये ट्रेनें जारी रहेंगी। मौजूदा समय में शिमला-कालका ट्रैक पर पांच ट्रेनें दौड़ रही हैं।