सितंबर और अक्तूबर में शुरू होने वाली भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज का पहला टी-20 मैच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होगा। 2 अक्तूबर को क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच होने वाले टी-20 मैच के साथ ही एचपीसीए एक और तमगा हासिल कर लेगा।
2 अक्तूबर को एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच की मेजबानी पहली बार करेगा। तिथि तय होने के साथ ही एचपीसीए ने मैच की तैयारियां शुरू कर दी हैं। खिलाड़ियों और मेहमानों को ठहराने से लेकर दर्शकों के मनोरंजन के लिए काम किया जा रहा है।
बरसात के बाद मैदान और पिच संवारने का काम शुरू हो जाएगा। धर्मशाला स्टेडियम की क्षमता करीब 20 हजार दर्शकों की है। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम समुद्र तल से करीब 3 हजार फीट ऊंचाई पर स्थित है। ऐसे में धर्मशाला में 2 अक्तूबर को क्रिकेट का रोमांच अप्रत्याशित होने वाला है।