विश्व के बेहद खूबसूरत स्टेडियमों में शुमार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में दो अक्तूबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मैच होगा। इसके सफल आयोजन के लिए एचपीसीए बारिश के देवता इंद्रूनाग को मनाएगी। खनियारा गांव के पास स्थित इंद्रूनाग देवता को मनाने के लिए एचपीसीए 17 सितंबर को हवन यज्ञ करने के साथ भंडारा लगाएगी।
एचपीसीए पदाधिकारी देवता इंद्रूनाग से मैच के सफल आयोजन की मन्नत मांगेंगे। देवता से 2 अक्तूबर को मौसम साफ रखने की अरदास की जाएगी। एचपीसीए के धार्मिक कार्यक्रम में बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर भी शिरकत कर सकते हैं। अभी तक एचपीसीए को कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर के आने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
तब हर मैच में होती थी बारिश
मार्च 2005 में भारत-पाकिस्तान और सितंबर 2005 में भारत-ऑस्ट्रेलिया के अंडर-19 मैचों को बारिश ने पूरी तरह धो दिया था। घरेलू मैचों में भी आमतौर पर मौसम खराब रहने से यहां मैच नहीं हो रहे थे।
एचपीसीए को मैच से पूर्व इंद्रूनाग देवता की पूजा-अर्चना कर मौसम साफ रखने की अरदास लगाने की सलाह स्थानीय लोगों ने दी। इसके बाद एचपीसीए हर मैच से पूर्व इंद्रूनाग देवता मंदिर में जाकर हवन पाठ और भंडारा लगाती है।
बड़े आयोजनों से पूर्व पूजे जाते हैं इंद्रूनाग
धर्मशाला के स्थानीय लोगों के घरों में शादी-विवाह या कोई भी बड़ा आयोजन करने से पूर्व देवता को मनाया जाता है। मान्यता है कि आयोजन से पूर्व देवता की पूजा न करने पर देवता नाराज हो जाते हैं और बिन बादल बरसात कर देते हैं। इतना ही नहीं, फसलों को समय पर सिंचाई के लिए भी देवता को मनाकर बारिश करवाई जाती है।
17 को इंद्रूनाग मंदिर में पूजा- एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर को एचपीसीए इंद्रूनाग देवता मंदिर में हवन-यज्ञ करेगी। इसके बाद भंडारा लगाया जाएगा। इसमें एसोसिएशन के अधिकतर पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।