फ्रांस के फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को सुपरहिट बॉलीवुड फिल्म क्वीन भा गई है। शुक्रवार को पेरिस में फिल्म का प्रीमियर लांच हुआ। प्रीमियर लांचिंग में हिमाचल की बेटी कंगना रणौत विशेष रूप से मौजूद रहीं। इस दौरान उनके फैंस की खूब भीड़ उमड़ी। प्रशंसकों ने कंगना के साथ सेल्फी भी ली। क्वीन फिल्म में बेहतरीन अभिनय के लिए सुपरस्टार कंगना रणौत को नेशनल अवार्ड मिल चुका है।
प्रीमियर में फ्रांस के कई फिल्म निर्देशक और निर्माता मौजूद रहे। उन्हें फिल्म का प्रीमियर बेहद अच्छा लगा। प्रीमियर में अच्छा रिस्पांस मिलने पर जिला मंडी के भांबला की कंगना और उनके परिजन गदगद हैं। कंगना की बहन रंगोली ने भांबला में अपने परिजनों को पेरिस से लाइव फोटो भेजे हैं।