सोनिया गांधी शिमला में बेटी के साथ रहने आई हैं। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि प्रियंका गांधी की रैली के बाद हिमाचल प्रदेश में सोनिया गांधी की रैली भी हो सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंबा दौरे से दो दिन पहले सोमवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी प्रदेश की सियासी नब्ज टटोलने शिमला पहुंच गईं हैं। सोनिया भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में राहुल गांधी से मिलकर शिमला पहुंची हैं। अब वह प्रियंका गांधी के साथ छराबड़ा में विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाएंगी। प्रियंका बीते चार अक्तूबर से राजधानी से सटे छराबड़ा में अपने घर पर ठहरी हुई हैं।
विज्ञापन
प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया के बीच सोनिया गांधी के शिमला पहुंचने से कांग्रेस की राजनीति गरमा गई है। प्रत्याशी तय करने के लिए दिल्ली में इसी सप्ताह केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक होनी है। इस बैठक से पहले टिकटों को लेकर प्रदेश कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात के इंतजार में बैठे हैं। इन नेताओं ने सोनिया गांधी के कार्यालय को पत्र भेजकर मिलने के लिए समय मांगा है। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी बुधवार को दिल्ली लौट जाएंगी। वहीं, प्रियंका गांधी 14 अक्तूबर को सोलन में रैली करके विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगी।
किसी भी नेता से नहीं मिलेंगीं सोनिया और प्रियंका
बताया जा रहा है कि सोनिया और प्रियंका गांधी का यह निजी दौरा है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के किसी भी नेता से उनका मिलना प्रस्तावित नहीं है। प्रियंका के घर की देखरेख करने वाले शिमला जिला के एक-दो नेताओं को ही वहां बुलाया गया है। सोमवार को सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी घर पर ही रहीं। शिमला में मौसम खराब होने के चलते इन्होंने घर के परिसर में ही सैर की।