खड्ड के बीच फंसी गाड़ी को मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
- फोटो : अमर उजाला
दूल्हा-दूल्हन की गाड़ी अभी बारात के साथ वापस ही लौट रही थी कि अचानक उफान पर आई खड्ड (नदी) ने कई गाड़ियों को चपेट में ले लिया। दूल्हा दूल्हन की गाड़ी भी खड्ड के बीचोंबीच फंस गई। जलस्तर बढ़ता देख बाराती भागने लगे।
मामला हिमाचल के पांवटा का है। यहां ग्राम पंचायत कुंडियों में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। अजीवाला गांव से बारात वापस लौट रही थी। बरसाती खड्ड में अचानक जल स्तर बढ़ गया जिससे दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी बीच में ही फंस गई।
काफी देर की मशक्कत के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह वाहन को बाहर निकाला। बारातियों की गाड़ियां भी बीच से बाहर निकाली गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुंडियों गुलाबगढ़ सड़क पर मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बेहतर सड़क व पुल बनाने की मांग रखी है।
करीब दो घंटे बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आक्रोशित लोगों को सड़क से हटा कर मार्ग वाहनों के लिए खोल दिया गया। कुंडियों पंचायत प्रधान सर्वण सिंह ने कहा कि रविवार को राजबन से अजीवाला कॉलोनी में बरात पहुंची थी। क्षेत्र में मौसम साफ था।