भीड़ से कई बैंकों में नोट खत्म हो गए तो लोगों को चिल्लर बांट दी गई। मंडी और ऊना में ऐसे मामले सामने आए हैं। वहीं, वीरवार को कुछ ही जगहों पर लोगों को 2000 के नए नोट बांटे गए। शिमला में एसबीआई ने अपनी एक ब्रांच में दो हजार के नए नोट दिए। मंडी, बद्दी और हमीरपुर में भी कुछ जगहों पर दो-दो हजार के नए नोट दिए गए। प्रदेश के बाकी हिस्सों में 100 और 50 के ही नोट दिए गए।
पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटों को बंद करने के बाद वीरवार को मंडी जिले भर के बैंकों में नकदी जमा करवाने और नोटों को एक्सचेंज करवाने के लिए खूब मारामारी रही। सुबह दस बजे बैंक खुलने से पहले ही लोग बाहर खड़े हो गए थे। जिला के ग्रामीण क्षेत्रों के बैंकों में पर्याप्त कैश न होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कैश डिपॉजिट और एक्सचेंज करने के लिए वीरवार को बैंकों में उमड़ी भीड़ से धक्का मुक्की जैसा माहौल रहा। धर्मपुर निवासी दलीप सिंह, सुरेश ठाकुर, भीम सिंह, वीरी सिंह, रवि दत्त, श्यामलाल, बबलू राम ने बताया कि सुबह से शाम तक ग्रामीण बैंक धर्मपुर में कुछ पैसे लेने के इंतजार में खड़े रहे। ग्रामीण बैंक मढ़ी, राज्य सहकारी बैंक मढ़ी व राज्य सहकारी बैंक लौंगणी में भी कैश न होने के कारण लोगों को पैसे नहीं मिले।