हिमाचल के सोलन जिले के सायरी में दिल्ली के एक युवक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सायरी पुलिस चौकी सहित अन्य ढाबे सहित दुकानों को सील कर दिया गया है। वहीं चौकी के 10 पुलिस कर्मियों सहित 11 लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। जबकि अन्य 10 दुकानदारों को होमक्वारंटीन में रखा गया है। अब चौकी को सैनिटाइज करने के बाद चौकी का अस्थायी कार्यालय सायरी विश्राम गृह को बनाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 13 जून को बिना अनुमति के दिल्ली से तीन युवक शिमला पहुंचे थे, जो बाद में सायरी पहुंचे। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो उन्हें सायरी में पकड़ लिया। इस दौरान उक्त सभी युवक सायरी बाजार में भी घूमे थे। तीनों को पुलिस पकड़कर चौकी भी ले गई थी, जहां पर इनके खिलाफ मामला दर्ज कर क्वारंटीन सेंटर भेजा गया था, लेकिन रविवार को उक्त तीनों में से एक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद सुरक्षा को लेकर सायरी चौकी सहित क्षेत्र की अन्य दुकानों को सील करना पड़ा। वहीं अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से अन्य दो लोगों के भी दोबारा से सैंपल जांच के लिए जा रहे हैं। उधर, डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि स्टाफ को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जा रहा है।
सुरक्षा के दृष्टिगत लिया फैसला
एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान ने कहा कि पुलिस चौकी सायरी को सील कर दिया है। इसमें तैनात 10 पुलिस कर्मी और एक होटल संचालक को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। आसपास की 10 दुकानों, ढाबा संचालकों को भी होम क्वारंटीन किया गया है। फिलहाल इस चौकी का काम कुनिहार थाना देखेगा। सायरी रेस्ट हाउस में वैकल्पिक पुलिस चौकी चलाने के लिए एक कर्मी को तैनात किया गया है। यह निर्णय सुरक्षा को लेकर लिया गया है।