ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग और लाहौल में फिर बर्फबारी हुई। वहीं, राजधानी शिमला में दोपहर बाद बादल झमाझम बरसे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बाद बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में भी एक से दो डिग्री की कमी दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने दो अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान जताया है। तीन अप्रैल से धूप खिलने की संभावना जताई गई है।
कुल्लू व जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मंगलवार सुबह से बादल छाए रहने के बाद दोपहर बाद रोहतांग दर्रा समेत कुल्लू व लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। इससे लाहौल घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। सेब, नाशपाती की फ्लावरिंग पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। राजधानी शिमला में दोपहर तक मौसम मिलाजुला रहने के बाद शाम करीब चार बजे बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में ठंड में कमी आना शुरू होगी। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम होगी। उधर, मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.5, हमीरपुर में 25.2, बिलासपुर में 25.0, कांगड़ा-नाहन में 24.2, सोलन में 22.0, धर्मशाला में 18.6, शिमला में 19.3, कल्पा में 13.8 और केलांग में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।