हिमाचल में नए साल का आगाज बर्फबारी के साथ हुआ है। रविवार दोपहर को शिमला जिला के नारकंडा, चांशल घाटी और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। लाहौल-स्पीति के रोहतांग, हामटा पीक और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, जबकि मनाली के सोलंगनाला में कुछ देर फाहे गिरे हैं।
कुल्लू के जलोड़ीजोत में 10 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी होने से एनएच 305 पर यातायात बंद हो गया है। आनी विस क्षेत्र का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है। डोडराक्वार को जाने वाला मार्ग भी बंद हो गया है। चंबा के ऊपरी क्षेत्रों भरमौर और होली की चोटियों में भी हल्का हिमपात और बारिश हुई है। मौसम के इस बदले मिजाज से प्रदेश का पारा लुढ़क गया है।