हिमाचल की चोटियों पर दूसरे दिन शनिवार को भी बर्फबारी जबकि राजधानी शिमला और मनाली में बारिश का दौर जारी है। पिछले 48 घंटों में रोहतांग दर्रे में 90 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने के चलते मनाली-रोहतांग-केलांग मार्ग पर यातायात ठप हो गया है।
लाहौल घाटी देश-दुनिया से कट गई है। उधर, जिला प्रशासन ने कोकसर और मढ़ी में स्थापित बचाव चौकियों को हटा दिया है। बीआरओ अब मार्च के बाद ही रोहतांग को बहाल करेगा, हालांकि मशीनरी को अभी नहीं हटाया गया है।
शनिवार को राजधानी के सटी पहाड़ी जाखू, कुफरी, फागू और नारकंडा में ताजा हल्का हिमपात हुआ है। प्रदेश भर की 130 से अधिक सड़कें बाधित हैं। औट-लुहरी हाईवे पूरी तरह से ठप है। आउटर सिराज की 58 पंचायतों का संपर्क कट गया है।