राजधानी शिमला समेत समूचा प्रदेश एक बार फिर ठंड की चपेट में आ गया है। अप्रैल महीना आधा बीतने के बावजूद हिमाचल के लोग कड़ाके की ठंड में ठिठुर रहे हैं।
मौसम का मिजाज बदलने से प्रदेश के अधिकतर इलाकों में वीरवार सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है। वहीं, रोहतांग, सिरमौर के चूड़धार और लाहौल स्पीति की चोटियों पर ताजा हिमपात की खबर है।
उधर, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले दो में प्रदेश के कुछेक स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है।
राजधानी में बूंदाबांदी से लुढ़क गया पारा
राजधानी शिमला और इसके आसपास के इलाकों में भी सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है। यहां पिछले दो दिन से बादल छाए हुए थे।
बुधवार देर रात भी यहां हल्की बारिश हुई जिससे मौसम काफी ठंडा हो गया है। सुबह के समय भी हल्की बारिश ने लोगों को ठंड का एहसास कराया।
लोग एक बार फिर गरम कपड़े पहनने को मजबूर हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार वीरवार सुबह यहां का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास चला गया है। बुधवार को यहां का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस था।
विभाग का कहना है कि अगले दो दिन प्रदेश भर में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात जारी रह सकता है।