पुलिस ने गुप्त सूचना पर सुन्नी में लगाया था नाका, तस्कर मौके पर 477 ग्राम चरस से भरा पार्सल फेंककर नौ दो ग्यराह
विज्ञापन
कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश के भी लगाए आरोप करसोग से सुन्नी ओर ला रहा था नशे की सामग्री तलाश के लिए पुलिस की जगह-जगह दबिश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में चरस तस्करी के मामले में पुलिस का नाका तोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया और इसके बाद भाग निकला। आरोपी ने इस दौरान एक पार्सल मौके पर फेंका जिससे 477 ग्राम चरस बरामद हुई है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर कर लिया है। आरोपी की धर पकड़ के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार वीरवार देर रात को सूचना मिली थी कि करसोग की तरफ से आरोपी नीरज पिकअप गाड़ी में चरस लेकर सुन्नी की ओर आ रहा है। इस आधार पर पुलिस टीम ने हरि बावड़ी के पास आरोपी को पकड़ने के लिए तीन तरफ से नाकाबंदी कर रखी थी लेकिन जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा तो पुलिस को देखकर उसने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी और खुली जगह पर मोड़ने के बाद नाका तोड़कर फरार हो गया। इस दौरान आरोपी ने एक पार्सल फेंका जिसमें से 477 ग्राम चरस बरामद की गई है।
विज्ञापन
पुलिस का आरोप है कि नीरज ने भागने के लिए नाके पर खड़े पुलिस कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का पीछा किया लेकिन वह भागने में कामयाब हो गया है। पुलिस ने सुन्नी थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। नीरज मूल रूप से ऊना जिले के अंब जाडला का रहने वाला है और वर्तमान में गांव बिगन, सहज, करसोग जिला मंडी में रहता है।
कोट्स
चरस के मामले में पुलिस ने नाकाबंदी की थी लेकिन आरोपी नाका तोड़कर भाग गया। आरोपी ने पुलिस कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया है। पुलिस ने चरस बरामद कर ली है जबकि आरोपी की तलाश की जा रही है। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा। जो नशा फैलाएगा उसे पुलिस सलाखों के पीछे पहुंचाकर रहेगी।
-संजीव कुमार गांधी, एसएसपी शिमला