फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी स्कूलों के बच्चों को इस तारीख से पहननी होगी स्मार्ट वर्दी, मिलेंगे मुफ्त स्कूल बैग

Sat, 14 Sep 2019 12:49 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए 16 सितंबर से नई स्मार्ट वर्दी में आना अनिवार्य कर दिया गया है। विद्यार्थियों को नई वर्दी की सप्लाई का आवंटन कर चुके जिलों को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को इसके निर्देश जारी किए। निजी स्कूलों के बच्चों की तरह अब सरकारी स्कूलों के बच्चे भी कलरफुल ड्रेस में नजर आएंगे।

विज्ञापन


सरकारी स्कूलों में 20 जून से नई वर्दी का आवंटन शुरू हुआ है। अधिकांश जिलों में नई वर्दी बांट दी गई है। पहली से दसवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को नई वर्दी की सिलाई का पैसा भी दिया है। जमा एक और जमा दो के विद्यार्थियों को सिलाई का पैसा नहीं दिया जाएगा।

वर्दी की सिलाई के लिए विद्यार्थियों को प्रति सेट 100 रुपये दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को नई वर्दी के दो-दो सेट दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 8.30 लाख विद्यार्थियों को अटल स्कूल वर्दी योजना में स्मार्ट वर्दी दी जानी है।

विज्ञापन

दिल्ली स्थित श्रीराम लैब से वर्दी के सैंपल जांचने के बाद वर्दी का आवंटन हो रहा है। जिला कांगड़ा, सोलन और ऊना में अभी नई वर्दी की सप्लाई नहीं पहुंची है। कुछ जिलों के ब्लॉकों में वर्दी तो पहुंच गई है, लेकिन अभी लैब से सैंपल रिपोर्ट नहीं आई है।

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक रोहित जमवाल ने बताया कि जिन जिलों में बच्चों को वर्दी दी गई है, वहां 16 सितंबर से उपनिदेशकों को सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि बच्चे नई वर्दी में ही आएं। जल्द पूरे प्रदेश में वर्दी का आवंटन कर दिया जाएगा।

छात्राओं के लिए तीन रंगों की चेकदार वर्दी
पहली से जमा दो कक्षा तक छात्राओं को लाल, काले और सफेद रंग की चेकदार वर्दी दी गई है। छठी से 12वीं तक की छात्राओं को दुपट्टा भी दिया जाएगा। लड़कों की वर्दी ग्रीन रंग की पैंट और ग्रीन रंग की चैक शर्ट होगी।
विज्ञापन

सूबे के 2.56 लाख विद्यार्थियों को अक्तूबर से मिलेंगे मुफ्त स्कूल बैग

पहली, तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले 2.56 लाख विद्यार्थियों को अगले महीने से निशुल्क स्कूल बैग दिए जाएंगे। बैग आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रिंसिपलों की अध्यक्षता में कमेटियां गठित कर मास्टर सैंपल से सप्लाई का मिलान करने का शुक्रवार को आदेश जारी किया है। बिना सैंपल मिलान के अगर किसी स्कूल में बैग बांटे गए तो संबंधित प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई होगी।

बैग खरीद के लिए खाद्य आपूर्ति निगम ने चार कंपनियों को बीते 17 अगस्त को सप्लाई ऑर्डर जारी किया है। चयनित चार कक्षाओं में पढ़ने वाले लड़के-लड़कियों को अलग-अलग रंग के बैग दिए जाएंगे। लड़कों को ऑलिव ग्रीन मिक्स ग्रे और लड़कियों को चेरी मिक्स ग्रे रंग के बैग मिलेंगे। चारों कक्षाओं पहली, तीसरी, छठी और नौवीं के विद्यार्थियों के लिए तीन तरह के साइज के बैग खरीदे जा रहे हैं।

बच्चों की किताबों के हिसाब से बैग का वर्गीकरण किया गया है। अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को दूसरे चरण में बैग दिए जाएंगे। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक रोहित जमवाल ने बताया कि अगर स्कूलों में मास्टर सैंपल से सप्लाई का मिलान नहीं होता है तो इसकी सूचना जल्द निदेशालय और खाद्य आपूर्ति निगम को दी जाए। अगर मिलान सही होता है तो सप्लाई में से किसी भी बैग को सैंपल जांच के लिए लैब में भेजा जाए। स्कूल में बैग आवंटन करने से पहले निदेशालय की मंजूरी लेना अनिवार्य रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें