नारकंडा में बर्फ की सफेद चादर पर स्कीइंग का रोमांच शुरू हो गया है। स्कीइंग स्लोप धोमड़ी में बेसिक कोर्स में 40 स्कीयर्स हिस्सा लेने पहुंचे हैं। दो हफ्ते तक प्रशिक्षुओं को मुफ्त में प्रशिक्षण दिया जाएगा। आठ से 45 साल के स्कीयर्स शिविर में भाग ले रहे हैं।
नारकंडा में हर साल इस तरह का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाता है। स्कीइंग और ट्रेकिंग संस्था नारकंडा के प्रभारी अनिरुद्ध चौहान ने बताया कि शुक्रवार से स्कीइंग का पहला प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ है।
इस शिविर में कुल 40 स्कीयर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कोर्स निशुल्क करवाया जा रहा है। एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब नारकंडा के अध्यक्ष सागर कैंथला ने बताया कि स्कीइंग में रुचि रखने यहां पहुंच रहे हैं।
क्लब की ओर से स्कीइंग की बारीकियों से अवगत करवाया जा रहा है। हर वर्ष नारकंडा स्थित धोमड़ी की ढलानों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्कीइंग का प्रशिक्षण दिया जाता है।
धोमड़ी में करवाएंगे स्कीइंग प्रतियोगिता
कैंथला ने बताया कि यदि बर्फबारी ऐसी ही होती रही तो धोमड़ी में भी स्कीइंग की प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। हर वर्ष देश-विदेश से सैकड़ों स्कीयर्स नारकंडा पहुंचते हैं। यहां स्कीइंग के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं।