शिमला नर्सिंग कॉलेज अन्नाडेल जाने वाली बस की कार के साथ टक्कर हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी नर्सिंग छात्राएं, एक शिक्षक और ड्राइवर बच गए। बस के अचानक ब्रेक लगने के कारण बस में सवार छह नर्सिंग छात्राओं के सिर और बाजू में चोटें आई हैं।
ये सभी छात्राएं बीएससी नर्सिंग की छात्राएं हैं। हादसे में हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज देकर सभी घायलों के एक्सरे और ज्यादा चोटिल छात्राओं के सीटी स्कैन भी किए।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह पौने नौ बजे के करीब शिमला नर्सिंग कॉलेज की 40 छात्राएं बस में कॉलेज जा रही थीं। करीब सवा नौ बजे बस विधानसभा से होते हुए अन्नाडेल सड़क पर पहुंची। बस में सवार छात्राओं ने बताया कि सामने से तेजरफ्तार से कार आ रही थी।
इसी बीच जब कार सामने पहुंची तो बस को अचानक ब्रेक लगानी पड़ी। इसके कारण आगे की तरफ बैठी छात्राएं सामने टकरा गईं और उनके बाजू और सिर में चोटें आई हैं।
घटना के बाद सभी नर्सिंग छात्राओं को उपचार के लिए आईजीएमसी लाया गया। इनमें नेहा (17), अदिति (18), रिया (17), प्रियंका (20), पूनम (17), सिमर (18) को चोटें आई हैं। उधर, घटना के बाद मौके पर प्राचार्य दीपकांत चतुर्वेदी भी अस्पताल पहुंचे। कॉलेज की घायल छात्राओं की एक्सरे और सीटी स्कैन करवाने में मदद की।