लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने पारंपरिक वेशभूषा में ली शपथ
लाहौल-स्पीति की नवनिर्वाचित विधायक अनुराधा राणा हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के लिए पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं। अनुराधा राणा ने विस उपचुनाव में कांग्रेस के टिटक पर जीत दर्ज की है। 52 साल बाद लाहौल-स्पीति को एक महिला विधायक मिली हैं। इस दौरान उनके साथ मनाली से कांग्रेस विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी मौजूद रहे।
नव निर्वाचित विधायकों ने मुख्यमंत्री से की भेंट
- फोटो : संवाद
नव निर्वाचित विधायकों ने मुख्यमंत्री से की भेंट
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बुधवार को लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक अनुराधा राणा तथा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक विवेक शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ से भेंट की। मुख्यमंत्री ने विधानसभा उपचुनाव जीतने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया की कि प्रदेश सरकार उनके विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में मिली जीत यह दर्शाती है कि प्रदेश की जनता का राज्य सरकार की नीतियों और योजनाओं पर पूर्ण विश्वास है। अनुराधा राणा और विवेक शर्मा ने उपचुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए गए बहुमूल्य प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित कर रही है और जन समर्थन से मिली जीत इस बात का प्रमाण है।
युवाओं को रोजगार और क्षेत्र की समस्याएं होंगी हल : विवेक
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। उनके क्षेत्र में पानी की समस्या है। उसे दूर किया जाना है। जनता ने चुनकर भेजा है, चुनाव के दौरान जनता से जो भी वायदे किए गए है उन्हें पूरा किया जाना है। क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने के लिए जनता ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा है।
क्षेत्र में लोगों की समस्याओं से वाकिफ : कालिया
शिमला। कांग्रेस विधायक राकेश कालिया ने कहा कि गगरेट के लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। वह लोगों की समस्याओं से वाकिफ हैं। उपचुनाव के चलते उन्होंने क्षेत्र में जाकर समस्याओं को देखा है। जनता से जो वायदे किए हैं वह सभी पूरे होंगे। पहले भी क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता रही है। विधायक बनने के बाद अब फिर से जनता की सेवा में जुट जाउंगा।
प्रदेश में झूठ की राजनीति नहीं चलती : सुधीर
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार लोकसभा चुनाव में बुरी तरह से हारी है और हमने खुद धर्मशाला में कांग्रेस को हराया है। हिमाचल प्रदेश में झूठ की राजनीति नहीं चलती। हिमाचल को केंद्र ने हमेशा उसका हक दिया है, पर वर्तमान सरकार ने हमेशा प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम किया है। धर्मशाला में जनता से जो वायदे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी में घुटन का माहौल : लखनपाल
बडसर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में घुटन का माहौल बन गया है। कांग्रेस सरकार ने केवल बदले की भावना से काम किया है, जो की प्रदेश हित में नहीं है। भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। पहला निर्णय देश के उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। बिजली, पानी, सड़क की सुविधा प्राथमिकता रहेगी।