हजारों लोगों को अब घर पर
कूड़े के बिल देंगे सुपरवाइजर
लोगों को बताएंगे ऑनलाइन भुगतान का तरीका, कई लोगों ने नहीं किया है बिल का भुगतान
निगम ने 15 फरवरी तक का दिया है समय
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर में कूड़ा शुल्क न देेने वाले हजारों लोगों को अब घर-घर जाकर बिल दिए जाएंगे। नगर निगम ने सभी सुपरवाइजरों को 15 फरवरी तक ऐसे सभी लोगों को कूड़ा बिल देने के निर्देश दिए हैं।
निगम प्रशासन ने सभी सैहब सुपरवाइजरों को ऐसे लोगों की वार्ड वाइज लिस्ट दे दी है जिन्होंने पिछले काफी समय से कूड़ा शुल्क का भुगतान नहीं किया है। निगम इन लोगों पर अभी कोई कार्रवाई नहीं करेगा। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में पांच हजार से ज्यादा लोग ऐसे हैं जिन्हें कूड़ा बिल तो मिल रहे हैं, लेकिन इन्हें यह बिल ऑनलाइन जमा करना नहीं आता। कई लोगों को तो यह भी मालूम नहीं कि यह बिल कहां जमा हो रहे हैं। शहर में हजारों लोग ऐसे हैं जो कूड़ा शुल्क भुगतान ऑनलाइन होने के बाद एक साल से बिल जमा नहीं कर रहे। ऐसे में सैहब सोसायटी के सुपरवाइजर इनके घर जाएंगे और बिल भुगतान का तरीका बताएंगे। यदि यह लोग ऑनलाइन बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं, तो इन्हें नगर निगम के सुविधा केंद्र में आकर बिल जमा करने के लिए कहा जाएगा।
नोटिस के बाद हजारों
ने जमा करवाया शुल्क
इससे पहले निगम ने 22 जनवरी तक सुपरवाइजरों को बिल जारी करने के निर्देश दिए थे। इनमें उन डिफाल्टरों को बिल और नोटिस देने को कहा था जो कई महीनों से बिल का भुगतान नहीं कर रहे थे। नोटिस मिलने के बाद कई लोगों ने बिल जमा करवा दिया है। अब बचे लोगों को बिल दिया जा रहा है। हालांकि भुगतान संबंधी परेशानी को देखते हुए निगम ने अपना रुख नरम किया है और बिल न देने वालों पर फिलहाल कोई कार्रवाई न करने का फैसला लिया है। निगम प्रशासन का कहना है कि वार्ड में जो लोग कूड़ा शुल्क का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें बिल के बारे में बताने का जिम्मा सुपरवाइजरों को दिया है।
घर जाकर बिल देंगे सुपरवाइजर : भारद्वाज
अतिरिक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज ने कहा कि सभी सुपरवाइजरों को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें जिन लोगों ने बिल जमा नहीं करवाया है, सुपरवाइजर उनके घर जाएंगे और बिल देने को कहेंगे। सभी को 15 फरवरी तक का वक्त दिया है।