जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में होगा स्कूलों का निर्माण संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला शिमला में शिक्षा विभाग ने राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में जगह का चयन कर लिया है। विभाग ने हर विधानसभा क्षेत्र में इसके लिए 50-50 बीघा जमीन चिह्नित की है। सभी जगह पर 50 बीघा में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के परिसर बनेंगे।
शिक्षा विभाग के अनुसार विभाग ने जिला में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं। सभी जगह विभाग ने स्कूलों के लिए जगह चयनित कर ली है। प्रदेश सरकार की योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाना है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के लिए अच्छे क्लास रूम, छात्रावास, खेल मैदान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग ने अपने स्तर पर स्कूलों के लिए प्रक्रिया पूरी कर ली है। सभी जगहों के प्रस्ताव विभाग ने एफआरए और एफसीए की मंजूरी के लिए विभाग के परिवेश पोर्टल पर अपलोड किए हैं। विभाग को वन विभाग से इसकी मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही अगली प्रक्रिया शुरू कर की जाएगी। गौरतलब है कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल प्रदेश सरकार की प्रमुख योजना है। इसके तहत प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने का प्लान है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई से लेकर छात्रावास तक सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव है।
विज्ञापन
जिले में यहां बनेंगे डे-बोर्डिंग स्कूल
विभाग ने शिमला में होटल रेडिसन के पास राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के लिए जगह का चयन किया है। इसके अलावा ठियोग में गजेड़ी मोड़, कसुम्पटी में चुरट नाला, कोटखाई में सरस्वतीनगर, रोहड़ू में भराल रोड, चौपाल में बोधना, रामपुर में शिंगला और वहीं शिमला ग्रामीण में सुन्नी स्कूल को अपग्रेड करके डे-बोर्डिंग स्कूल बनाया जाएगा। विभाग ने इन जगहों पर स्कूलों को बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
कोट
जिले में विभाग ने राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों के लिए जगह का चयन कर लिया है। विभाग ने पूरा रिकार्ड एफआरए और एफसीए की मंजूरी के वन विभाग के परिवेश पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। मंजूरी मिलते ही अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-लेखराज भारद्वाज, उपनिदेशक उच्च शिक्षा